बाइक एक्सपीडिशन हेरिटेज वॉक 9 को. विश्व आदिवासी दिवस पर गोंड नरेश राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान स्थल जबलपुर से मंडला के चौगान तक दौड़ेंगी बाइक्स.
- devanshbharatnews

- 8 अग॰
- 2 मिनट पठन

देवांश भारत जबलपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह संग्रहालय, जबलपुर" से मंडला जिले के रामनगर चौगान तक हेरिटेज वॉक मोटर साइकिल रैली रविवार 9 अगस्त की सुबह 11 बजे आरंभ होगी।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी) तथा होम स्टे ऑनर्स वेलफेयर सोसाइटी मिलकर यह आयोजन आदिवासी संस्कृति के विविध रंग सामने लाने के लिए कर रहे हैं।
रैली को जबलपुर से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एमपीटीबी के स्किल एवं ट्रेनिंग के डायरेक्टर डॉ डी पी सिंह, साहसिक पर्यटन के संयुक्त संचालक डॉ एस के श्रीवास्तव, जेएटीसीसी के सीईओ पीयूष दुबे और एमपीटी के रीजनल मैनेजर नवीन शर्मा रवाना करेंगे। मंडला में रैली का स्वागत एवं फ्लैग ऑफ राम नगर में कलेक्टर मंडला, जिला पंचायत मंडला के सीईओ तथा जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद मंडला के पदाधिकारी करेंगे।
बाइक एक्सपीडिशन में 20 बाइकर्स जबलपुर से चौगान तक जाएंगे फिर वह यहां बने आदिवासी होम स्टे में रात्रि भोजन करेंगे और यहीं विश्राम करेंगे। यह दल दूसरे दिन काला पहाड़ पर हेरिटेज वॉक करेगा। बाइकर्स द स्टॉर्म लार्डस बाइक क्लब, एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड रॉक क्लाइंबिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया आदि संस्था के हैं।
इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी गौरव, संस्कृति एवं स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना तथा मध्यप्रदेश के हेरिटेज एवं इको टूरिज्म को बढ़ावा देना है। साथ ही ग्रामीण पर्यटन एवं ग्रामीण होम स्टे में युवा पीढ़ी को रात्रि विश्राम के साथ आदिवासी ग्रामीण खान पान, सत्कार एवं आतिथ्य सेवाओं से परिचित कराना है।
रैली के दौरान प्रतिभागी राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान को नमन करते हुए आदिवासी संस्कृति, लोक कला एवं क्षेत्रीय पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार भी करेंगे।
.png)



टिप्पणियां