जबलपुर मटर मंडी शहर से बाहर स्थानांतरित करने के किसान हितैषी निर्णय का भारतीय किसान संघ ने किया स्वागत
- devanshbharatnews

- 31 अक्टू॰ 2024
- 2 मिनट पठन

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, जनप्रतिनिधियों व कलेक्टर दीपक सक्सेना का जताया आभार
जबलपुर - जबलपुर एक जिला एक उत्पाद के रूप में जबलपुर जिले में मटर को चयनित किया गया है। जबलपुर में लगभग चालीस हज़ार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में मटर का उत्पादन किया जाता है। जबलपुर जिले में मटर खरीदी की दो मंडी संचालित हैं। एक मंडी सहजपुर और दूसरी मटर मंडी जबलपुर शहर के अंदर है। मटर मंडी शहर के अंदर होने के कारण किसानों व शहरवासियों को आएदिन यातायात की समस्या से जूझना पड़ता था। इस समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने किसान प्रतिनिधि मंडल के साथ सीएम हाउस में आयोजित किसान मंच की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन को अवगत कराया था। भारतीय किसान संघ महाकौशल प्रांत के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मटर मंडी शहर से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग का ज्ञापन पत्र भी सौंपा था।

आज मंगलवार को औरिया बायपास स्थित कृषि उपज मंडी के स्थल का निरीक्षण पाटन विधायक व पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, पनागर विधायक इंदु तिवारी, कलेक्टर दीपक सक्सेना व भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने प्रस्तावित नवीन मटर मंडी स्थल के परिसर में सी सी टी बी कैमरा लगाने, जलपान गृह, प्रकाश की व्यवस्था, स्वच्छ पेय जल की व्यवस्था, सुरक्षा चौकी आदि की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। जिस पर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने मंडी अधिकारियों व जिला प्रशासन को उचित कार्यवाही करने और जबलपुर मटर मंडी को नवीन स्थल पर स्थानांतरित करने के आदेश जारी करने के निर्देश दिए। श्री पटेल ने जबलपुर मटर मंडी को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के किसान हितैषी निर्णय पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, विधायक इंदु तिवारी, पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई व जिला कलेक्टर का आभार जताया। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों में जिलाध्यक्ष रामदास पटेल, जिला मंत्री धनंजय पटेल, पाटन तहसील अध्यक्ष मुकुल पचौरी, पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटेल, महानगर युवा वाहिनी प्रमुख भानु पटेल सहित जिला प्रशासन, मंडी के अधिकारी उपस्थित रहे।
जबलपुर से कार्तिक गुप्ता की रिपोर्ट
.png)







टिप्पणियां