जबलपुर में आईसीएसआई के देश के पहले ‘इवॉल्विंग चैप्टर’ का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन चांडक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया—जबलपुर से देश के अन्य उभरते शहरों के लिए नई पहल को मिलेगी दिशा
- devanshbharatnews

- 3 मिनट पहले
- 2 मिनट पठन

देवांश भारत जबलपुर, 30 अगस्त। जबलपुर के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) के देश के पहले ‘इवॉल्विंग चैप्टर’ का औपचारिक शुभारंभ हुआ। वेलकमहोटल बाय आईटीसी में आयोजित कार्यक्रम में आईसीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन चांडक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इस नई पहल के महत्व और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।
जबलपुर (इवॉल्विंग) चैप्टर के अस्तित्व में आने के साथ ही यह मध्यप्रदेश का तीसरा आईसीएसआई चैप्टर बन गया है। इससे पहले प्रदेश में भोपाल और इंदौर चैप्टर कार्यरत थे। जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र में बड़ी संख्या में कंपनी सेक्रेटरीज एवं सीएस विद्यार्थी होने के बावजूद लंबे समय से यहां स्वतंत्र चैप्टर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। लगातार प्रयासों और आईसीएसआई की वर्तमान केंद्रीय परिषद के सहयोग से यह सपना अब साकार हुआ है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएस पवन चांडक ने कहा कि ‘इवॉल्विंग चैप्टर’ की अवधारणा का उद्देश्य देश के उन शहरों में आईसीएसआई की संस्थागत उपस्थिति को मजबूत करना है, जहां पेशेवरों और विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या है और भविष्य में एक मजबूत पेशेवर समुदाय विकसित किया जा सकता है। जबलपुर से इसकी शुरुआत होना महाकौशल क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि नया चैप्टर क्षेत्र के 100 से अधिक कंपनी सेक्रेटरीज को स्थानीय स्तर पर पेशेवर गतिविधियों, प्रशिक्षण, ज्ञान-विनिमय और नेटवर्किंग के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा। यहां नियमित व्यावसायिक विकास कार्यक्रम, सेमिनार, तकनीकी सत्र और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इससे सदस्यों को अपने ज्ञान को अद्यतन रखने के साथ निर्धारित सीपीई क्रेडिट अर्जित करने में भी सुविधा मिलेगी।
चैप्टर के माध्यम से सीएस विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक और करियर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण संबंधी सहायता तथा वरिष्ठ पेशेवरों से संवाद के अवसर मिलेंगे। स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए करियर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कंपनी सेक्रेटरी पेशे को लेकर जानकारी और संभावनाओं से भी अवगत कराया जाएगा।
कार्यक्रम में आईसीएसआई केंद्रीय परिषद सदस्य सीएस आशीष करोदिया, क्षेत्रीय परिषद सदस्य सीएस अनुराग गंगराडे तथा आईसीएसआई के पूर्व अध्यक्ष सीएस रंजीत पांडे , सीएस तनवीर सिंह सलूजा (चेयरमैन जबलपुर एवंलविंग चैप्टर ) , सीएस धवल श्रीवास्तव (वाईस चेयरमैन जबलपुर चैप्टर ) , सीएस उत्सव सिंह (सेक्रेटरी चेयरमैन जबलपुर चैप्टर ) सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सीएस रंजीत पांडे ने व्यावसायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए पेशे से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
जबलपुर (इवॉल्विंग) चैप्टर के संस्थापक अध्यक्ष सीएस तनवीर सिंह सलूजा ने कहा कि यह केवल एक नए चैप्टर की शुरुआत नहीं, बल्कि महाकौशल क्षेत्र में कंपनी सेक्रेटरी पेशे के मजबूत और संगठित विकास की शुरुआत है। उनका उद्देश्य सदस्यों को निरंतर पेशेवर सहयोग, विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन और क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि जबलपुर से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में देश के अन्य उभरते व्यावसायिक केंद्रों के लिए भी एक प्रभावी मॉडल बन सकती है।
जबलपुर में देश के पहले ‘इवॉल्विंग चैप्टर’ की स्थापना से कंपनी सेक्रेटरी समुदाय के साथ-साथ सीएस विद्यार्थियों में भी उत्साह है। यह पहल महाकौशल क्षेत्र में पेशेवर विकास, ज्ञान-विनिमय और करियर अवसरों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
.png)



टिप्पणियां